रसड़ा कस्बा में बकाए मानदेय की मांग को लेकर प्रदर्शन करते सफाईकर्मी।
- फोटो : BALLIA
रसड़ा। बीते तीन माह से वेतन और मानदेय नहीं मिलने से आक्रोशित सफाईकर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर नगर भ्रमण कर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उपजिलाधिकारी सर्वेश यादव को पत्रक सौंप कर चेताया कि वेतन न मिलने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में झाड़ू लेकर गांधी पार्क में गांधीजी की प्रतिमा के सामने बकाया वेतन एवं मानदेय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उसके बाद, सफाईकर्मियों ने झाड़ू संग नगर भ्रमण कर प्रदर्शन किया। सफाईकर्मियों ने 31 जनवरी को उपजिलाधिकारी को पत्र सौंपकर मांग की थी कि छह फरवरी तक हमारी मांगें पूरी नहीं की गई तो कार्य बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा। मांग पत्र में सफाईकर्मियों ने मांग की कि नियमित सफाईकर्मियों एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का तीन माह, संविदाकर्मियों का दो माह के वेतन के साथ सातवें वेतनमान का एरियर बोनस का भुगतान नहीं किया गया है।
उपजिलाधिकारी सर्वेश यादव ने एक सप्ताह के अंदर समस्या के समाधान करने के आश्वासन के बावजूद सफाईकर्मी नहीं माने और अपना आंदोलन जारी रखा। कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होंगी, कार्य बहिष्कार कर आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर प्रेम कुमार रावत, गोविंद रावत, बिरजू, चंद्रदेव, सोनू, राहुल, बिंदू, श्याम रावत आदि मौजूद रहे।