बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के पड़सरा नदौली ताजपुर में शनिवार को पूर्वाह्न चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हुई मारपीट में दोनों पक्ष के एक महिला समेत 12 लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर स्थिति के चलते छह लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
बताया जाता है कि बीते दिनों संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी कि इस बीच शनिवार को ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के पास दोनों पक्षों के बीच कुछ कहासुनी हुई। उसके कुछ समय के बाद दोनों पक्ष के लोग गांव में लाठी-डंडे से लैस हो आमने-सामने आ गए। मारपीट में एक पक्ष के इमरान (30), सेराज (40) अब्दुल समद (44), सरफराज (18), अनवर (36) तथा दूसरे पक्ष के सलाउद्दीन (53), आरिफ (17), जुल्फिकार (35), शबनम (15), नफीस (18), इस्लाम (50) और इबरार (20) घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी पर कराया गया। उभांव थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्र ने बताया कि इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।