बलिया। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव क्रिसमस-डे के रूप में मनाने को लेकर ईसाई समाज के लोगों में काफी उत्साह बना हुआ है। इसके चलते लोगों ने अभी से क्रिसमस की तैयारियां शुरू कर दी है। शहर के सभी गिरजाघरों में रंगाई पुताई कार्य पूर्ण होने के बाद अब साज सज्जा का कार्य किया जा रहा है। प्रभु के जन्मोत्सव से पूर्व चर्च में प्रार्थना सभाएं प्रारंभ हो चुकी है। नगर के विशुनीपुर स्थित चर्च में रंगाई पुताई के साथ साज सजावट का कार्य किया जा रहा है। क्रिश्चियन समाज के लोग क्रिसमस की तैयारियां करने में भी काफी व्यस्त है। बृहस्पतिवार को गिरजाघर के पादरी ने बताया कि प्रभु यीशु के जन्मोत्सव से पहले उनके पृथ्वी पर आने की प्रार्थना की जाती है। उन्होंने बताया कि अब प्रभु के जन्मोत्सव की वो शुभ घड़ी नजदीक आती जा रही है। जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार होता है। भगवान के जन्मोत्सव को लेकर गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं होना प्रारंभ हो गई है। जिसमें लोग बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे है। 19 दिसंबर से ईसाई समाज के लोग घर-घर जाकर केरोल गाएंगे और क्रिसमस की बधाई, शुभकामनाएं व आमंत्रण देंगे।