बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने शुक्रवार को विकास खंड हनुमानगंज की ग्राम पंचायत धरहरा में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। बच्चों को हॉट कुक्ड मील उपलब्ध नहीं कराया गया था। इसपर बाल विकास परियोजना अधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।
इससे पहले सीडीओ ने ग्राम चौपाल लगाई। जनमानस की समस्याओं को सुना। इसके बाद ग्राम धरहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रों की उपस्थिति कम पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को चेतावनी दी। निर्देशित किया कि छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करें।
धरहरा में वित्तीय वर्ष 2025–26 में केंद्रीय वित्त योजना से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क को भी देखा। कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। शिलापट्ट न लगाए जाने पर ग्राम सचिव को तत्काल बोर्ड लगवाकर उसकी फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामवासियों को यह भी सूचित किया कि यदि कोई भी परिवार शौचालय विहीन है तो वे तत्काल पंचायत सहायक के माध्यम से आवेदन करें। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कूड़ा निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाने और ई-रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। संवाद