बलिया। शहर के ओवरब्रिज पर बृहस्पतिवार को स्कूली बस की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्कूल बस को लेकर भाग गया।
बांसडीह कोतवाली के देवडीह गांव निवासी सुजीत सिंह उर्फ सोनू सिंह दवा के व्यापारी हैं। पत्नी और दो बच्चों के साथ सावित्री नगर में रहते हैं। आठ वर्षीय पुत्र लड्डू सिंह कक्षा तीन व सात वर्षीय दीपत्मान सिंह कक्षा दो में कासिमबाजार-जगदीशपुर मार्ग स्थित निजी स्कूल में पढ़ते हैं। दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने पर दोनों बच्चों को बाइक से गड़वार रोड स्थित घर छोड़ने ओवरब्रिज से जा रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित होने से दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। सोनू ने बड़े पुत्र लड्डू को बचा लिया। तब तक दीपत्मान बस की चपेट में आ गया। राहगीरों ने दौड़कर उसे बस के नीचे से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सक ने मृत लाया घोषित कर दिया। घटना को लेकर ओवरब्रिज पर काफी देर तक गहमा गहमी रही।
घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंची मां बेसुध हो गई। कुछ देर बाद होश आने पर धाड़े मारकर रोने लगी, उसे सांत्वना देने वालों की भी आंखें भर आईं। बेटे की मौत के बाद पिता की हालत पागलों जैसी हो गई। लोगों ने किसी तरह समझा-बुझाकर सभी को घर को भेजा। इस बाबत कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि अभी शिकायत नहीं मिली। शिकायत मिलने पर संबंधित बस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।