बलिया। सत्तू व्यवसायी निधि उद्योग की पहल से जिले के सत्तू को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना में गौरवपूर्ण स्थान मिला है। शहर के आर्य समाज रोड स्थित कार्यालय पर बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान निधि प्रोडक्शन के मालिक सौरभ अग्रवाल ने कहा कि सरकारी योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली तकनीकी सहायता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और लोन की सुविधाओं से छोटे व्यवसायिओं और ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त मंच मिला है। परंपरागत सत्तू को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए सत्तू गिफ्ट बॉक्स की शुरुआत की है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में लगातार दो वर्षों तक बलिया का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला। जिसके बदौलत आज निधि उद्योग को अंतरराष्ट्रीय निर्यात लाइसेंस प्राप्त हो चुका है।