फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

विज्ञापन
विज्ञापन
लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। 29 अक्तूबर को खरना, 30 अक्तूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 31 को उदय होते सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिनों के पर्व का समापन होगा।
विज्ञापन

दीपावली व गोवर्धन पूजा के बाद चार दिवसीय छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने से बाजारों में रौनक दिखने लगी है। शहर से लेकर गांवों तक घाटों व पोखरों की साफ-सफाई होने लगी है। दउरी बनाने वाले युद्ध स्तर पर जुटे हैं। नगर के प्रमुख चौराहों समेत आसपास के इलाकों के बाजार सज गए हैं। लोग पूजा के लिए छोटी से छोटी सामग्री जुटाने लगे हैं। छठ पूजा के लिए कोसी, पीतल या बांस का सूप, दउरा, साड़ी, गन्ना, नारियल, फल सहित अर्चना के लिहाज से हर सामान की खरीदारी होने लगी है। साड़ियों की दुकान पर महिलाओं की भीड़ बढ़ गई है। छठ पर्व को लेकर बाजारों में उमड़ी भीड़ से शहर में जाम जैसे हालात पैदा हो गए है। हालांकि पुलिस ने मुख्य बाजार शहीद पार्क चौक के इलाके में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रखा है।
बाजारों में उमड़ी भीड़
छठ महापर्व को लेकर नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। नारियल कारोबारी ने बताया कि आंध्रप्रदेश व तमिलनाडु से प्रतिदिन 25 ट्रक नारियल की आवक हो रही है, जो 1800 रुपये सैकड़ा बिक रहा है। फल व्यापारी वकील ने बताया कि कश्मीर से प्रतिदिन 26 गाड़ियां सेब की आ रही हैं। थोक मंडी में सेब 25 से 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। फल विक्रेता राजकुमार ने बताया कि गुजरात से प्रतिदिन चार गाड़ी अनार की आ रही है। इसकी कीमत 50 से 90 रुपये प्रति किलो है। इसी तहर पूणे से अमरूद की आवक हो रही है, जो 80 से 100 रुपये किलो बिक रहा है।
विज्ञापन

संतान की सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है व्रत
ज्योर्तिविद पंडित डॉ. अखिलेश उपाध्याय के अनुसार, छठ व्रत रोगों से मुक्ति, संतान के सुख और समृद्धि में वृद्धि के लिए रखा जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से व्रत रखने से मनोकामना जरूर पूरी होती है। जिसकी मनोकामना पूरी होती है, वह कोसी भरते हैं। बहुत से लोग घाटों पर दंडवत पहुंचते हैं।
खरना आज
छठ पर्व का दूसर दिन खरना है। 29 अक्तूबर को चतुर्थी तिथि का मान 10 बजकर 28 मिनट, पश्चात पंचमी तिथि है। इस दिन ज्येष्ठा नक्षत्र दिन में 12 बजकर पांच मिनट तक, पश्चात मूल नक्षत्र और अतिगण्ड और सुकर्मा नामक योग है। इस दिन व्रती महिलाएं उपवास करेंगी। शाम को पूजा करने के उपरांत व्रत का पारण करेंगी। व्रत खोलने में नैवेद्य और प्रसाद का उपयोग करेंगी। दिनभर उपवास रखकर शाम तक सूर्य भगवान की पूजा करने के पश्चात खीर पूड़ी का भोग लगाकर हवन किया जाता है।
अर्घ्य देने का समय
30 अक्तूबर: शाम 5:34 बजे पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
31 अक्तूबर: सुबह 6:27 मिनट पर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
नगर से ग्रामीण क्षेत्रों तक घाटों की साफ-सफाई जोरों पर
चार दिवसीय छठ महापर्व का आगाज शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ ही अन्य तैयारियां शुरु हो गई हैं। पुलिस की ओर से घाटों से लेकर बाजारों पर नजर रखी जा रही है। लालगंज। छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी बैरिया की अगुवाई में पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को क्षेत्र के सती घाट, शिवपुर घाट, बहुआरा घाट, मुरारपट्टी, मठिया आदि छठ घाटों का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी बैरिया मुहम्मद उस्मान ने बताया कि गंगा किनारे पानी में बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। थानाध्यक्ष दोकटी रोहन राकेश सिंह सिपाहियों संग क्षेत्र के छठ घाटो पर पहुंच कर स्थिति को जाना।
विज्ञापन

बांसडीह, रेवती, सिकंदरपुर, सहतवार और रसड़ा कस्बा स्थित ग्रामीण अंचलों में डाला छठ पर्व पर तालाबों एवं पोखरों की साफ सफाई जोरों पर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें