युवा तुर्क चंद्रशेखर की 10वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। चंद्रशेखर विचार मंच एवं शेखर फाउंडेशन के तत्वावधान में चंद्रशेखर उद्यान में कार्यक्रम हुए। इस दौरान सर्वधर्म प्रार्थना सभा में जिले से कई लोगों ने शिरकत कर श्रद्ध सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरूआत जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। उन्होंने कहा कि गौरव की बात है कि पूर्व पीएम चंद्रशेखर के सानिध्य में काम करने का लंबा अवसर मिला। एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू ने कहा कि पूर्व पीएम चंद्रशेखर की आदम कद प्रतिमा बहुत जल्द चंद्रशेखर उद्यान में स्थापित कराई जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर पासवान तथा एमएलसी पुत्र उत्कर्ष सिंह ने पुण्यतिथि पर पौधरोपण कर उन्हें याद किया। इस मौके पर गिरीजाशंकर सिंह, श्याम बहादुर सिंह, भुनेश्वर चौधरी, पूर्व विधायक सनातन पांडेय, राणा प्रताप सिंह, अनिरूद्ध सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
माडल रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धांजलि सभा में सांसद भरत सिंह ने पूर्व पीएम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। कहा कि चंद्रशेखर बागी धरती के शान थे। मैं गौरवान्वित हूं कि वह मेरे मार्गदर्शक रहे। इस मौके पर बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह, डा. अरूण सिंह, आजाद सिंह, अरूण सिंह बंटू, प्रदीप सिंह, संत कुमार, शैलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
पूर्व पीएम चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर जनपद के समाजवादियों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उनके व्यक्तित्व तथा कृतित्व पर पर प्रकाश डाला गया। सपा जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने कहा कि आज मुल्क के अंदर जिस प्रकार फासिस्टवादी ताकतें जोर मार रही हैं। राजनीतिक सत्ता जनभागीदारी के बजाय फरेब पर आधारित हो गई हैं। सपा जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, लक्ष्मण गुप्ता, अभिराम सिंह दारा के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय में मरीजों को फल व दूध वितरित किया गया। जिला सहकारी बैंक परिसर में बैंक के चेयरमैन चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में पुण्यतिथि मनाई गई। इस मौके पर जेपी आंदोलन के नेता द्विजेंद्र मिश्र, ओमकार सिंह, सच्चिदानंद तिवारी, सपा नेता विजय शंकर यादव, लल्लन यादव, कृष्ण कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।