बलिया। आगामी 19 अप्रैल को आयोजित चंद्रशेखर हाफ मैराथन सद्भावना दौड़ नाम अनुरूप हो, ऐसी तैयारी होनी चाहिए। स्व. चंद्रशेखर अपने पास आने वाले लोगों के खाने पीने तथा रहने का विशेष ध्यान रखते थे। इसलिए उनकी स्मृति में आयोजित सद्भावना दौड़ कार्यक्रम में बलिया में आने वाले सभी प्रतिभागियों के आवास का प्रबंध उत्तम कर लिया जाए।
कहा कि चंद्रशेखर हाफ मैराथन सद्भावना दौड़ शारदा आटोमोबाइल्स पटपर (पचखोरा) से शुरू होकर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम तक के मैराथन पथ पर खिलाड़ियों को कोई दिक्कत न हो। उक्त बातें समिति के सह संरक्षक एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू ने कासिम बाजार स्थित आवास पर आयोजित राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि बाबा चंद्रशेखर की स्मृति में आयोजित होने वाला हाफ मैराथन देश विदेश में अपना स्थान रखता है। इसलिए सारी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाए। बैठक में सचिव उपेंद्र सिंह ने बताया कि हाफ मैराथन के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से सभी सदस्यों को जिम्मेदारी बांटकर आयोजन को सफल बनाया जायेगा। बैठक में तेजा सिंह, अजीत सिंह, जयप्रकाश सिंह, मनोज शर्मा, अनिल सिंह, अमित बघेल, सम्राट कुंवर आदि उपस्थित रहे।