बलिया। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल की टॉप टेन की सूची में इस बार भी छात्राओं ने छात्रों को पीछे छोड़ा। टॉप टेन सूची में कुल 27 बच्चों ने स्थान बनाया। इसमें 19 बालिकाएं रहीं। 95.33 फ़ीसदी अंकों के साथ आर्यभट्ट झलकारी हायर सेकेंडरी स्कूल कसेसर भीमपुरा की चांदनी चौहान ने जिला टॉप किया।
बांसडीह के अंकुर पब्लिक स्कूल की दिव्या वर्मा ने 94.83 फीसदी अंकों के साथ दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
बीते 12 मार्च को परीक्षा पूरी होने के 41 दिन बाद बृहस्पतिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित कर दिया गया। बृहस्पतिवार को रिजल्ट आते ही बच्चे खुशी से झूम उठे। हाईस्कूल की परीक्षा में 89.75 फीसदी बच्चों ने बाजी मारी है। पिछले वर्ष के सापेक्ष 2.79 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में 75.13 फीसदी छात्र सफल हुए हैं जोकि पिछली बार की अपेक्षा 1.35 फ़ीसदी अधिक है।
वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में कल 75.13 फ़ीसदी विद्यार्थी सफल घोषित किए गए, जो कि पिछले साल की अपेक्षा 1.35 प्रतिशत अधिक हैं। इंटरमीडिएट की टॉप टेन सूची में इस बार छात्रों का पलड़ा भारी रहा। टॉप टेन सूची में शामिल 22 विद्यार्थियों में 12 छात्र शामिल रहे।
सूची में इस बार 10 बालिकाओं को ही स्थान मिला। 93.40 फ़ीसदी अंकों के साथ एसएलबी इंटर कॉलेज हड़िहा कला रेवती की पल्लवी गुप्ता ने जिला टॉप किया। दूसरे स्थान पर पीएन इंटरकॉलेज दुबे छपरा के कृष्ण शाह 92 फ़ीसदी अंकों के साथ रहे। संवाद