चितबड़ागांव के सभासदों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में नगर पंचायत चेयरमैन द्वारा किए गए गोलमाल एवं लूट-खसोट की जांच कराने की मांग की।
मोर्चा खोलते हुए सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता और जलनिगम को 13 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। जिसका कोई कारण उल्लेख नहीं किया गया है।
श्रीवास्तव एंड संस से शौचालय मोबाइल पांच सेट खरीदकर 13 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान किया गया है जो उसके वास्तविक मूल्य से काफी अधिक है।
इसी तरह अलग-अलग खरीदारी में तमाम अनियमितताएं की गईं हैं। नगर पंचायत चेयरमैन चितबड़ागांव ने मनमाना तरीके से सरकारी धन की लूट-खसोट की है।
सभासदों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी कार्य में कोई सुधार नहीं आया। उन्होंने चेयरमैन पुत्र द्वारा सभासदों को धमकी भी दी गई है। उन्होंने इस मामले की पूरी जांच कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में ओमप्रकाश चौरसिया, शमशेर, रीतू, धुरपाती, धर्मेंद्र साहनी, अमित कुमार बाबा, गोविंद राय, मन्नू, अनिल कुमार गुप्त, रेनू, माया देवी, धर्मेंद्र दूबे, राजरति आदि मौजूद रहे।