बलिया। जिले के निवासी हरिवंश के दूसरी बार राज्यसभा का उपसभापति चुने जाने की जानकारी मिलते ही पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके गांव के साथ ही पूरे जिले में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई आदि खिलाकर खुशी मनाई। हरिवंश को दूसरी बार एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की ओर से उम्मीदवार बनाया गया था। सोमवार को राज्यसभा में उन्हें पुन: उपसभापति चुना गया। हरिवंश जी का जन्म 30 जून 1956 को पैतृक आवास दलजीत टोला (जयप्रकाश नगर) सिताबिदयारा में हुआ था । इनके पिता स्व. बांके बिहारी सिंह और माता स्व. देवजानी देवी थीं। दलजीत टोला में जन्मे हरिवंश ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शिक्षा गांव के सटे टोला काशी राय स्थित स्कूल से शुरू की। जेपी इंटर कालेज सेवाश्रम (जयप्रकाशनगर) से 1971 में हाई स्कूल करने के बाद वाराणसी के यूपी कॉलेज से इंटरमीडिएट पास किया। इसके बाद काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक कर पत्रकारिता में डिप्लोमा की डिग्री हासिल की। हरिवंश अप्रैल 2014 में जब राज्यसभा के लिए बिहार से चुने गए तो पत्रकारिता से मुंह मोड़ लिया। हरिवंश जी दो भाई हैं। इनके बड़े भाई रघुवंश नारायण सिंह सेवानिवृत्त अभियन्ता हैं। इनके जीवन का अधिक समय रांची (झारखंड) में व्यतीत हुआ है।