रसड़ा। गांधी पार्क के परिसर में बृहस्पतिवार को इंकलाबी मजदूर केंद्र एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के नेतृत्व में ग्रामीण व मजदूरों ने धरना प्रदर्शन कर अपनी नौ सूत्रीय ज्ञापन मांगों को लेकर आवाज उठाई।
वक्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार को मजदूर विरोधी करार दिया। तहसील प्रांगण में जाकर उप जिलाधिकारी को पत्रक भी सौंपा। धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने वर्तमान सरकार पर मजदूरों की हितों की अनदेखी का आरोप मढ़ा। महिला मजदूरों को पुरुष मजदूरों के समान न्यूनतम मजदूरी लागू करने, मनरेगा में भ्रष्टाचार खत्म कर 100 दिन का काम, काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता, भट्ठा मजदूरों को आवास एवं अन्य सुविधा, बीमार मजदूरों को मुफ्त इलाज, मजदूरी 500 रुपया करने, अक्षम मजदूरों को गुजारा भत्ता के साथ साथ राशन वितरण में धांधली रोके जाने की मांग किया। इसके पूर्व अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए तहसील प्रांगण में पहुुंचे। इस मौके पर डा सत्य नरायन, दूधनाथ, मुनीब, चन्द्र प्रकाश, विद्यावती देवी, ललिता देवी आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता अर्जुन एवं संचालन विन्ध्याचल ने किया।