सिकंदरपुर नगर पंचायत स्थित स्थाई रैन बसेरा सीसीटीवी कैमरा लगा युवक।संवाद
बलिया। जिले में दो नगर पालिका परिषद व 10 नगर पंचायत क्षेत्रों में बने रैन बसेरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी जिला मुख्यालय से होगी। रैन बसेरों में ठहरने वालों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। रैन बसेरा में ठहरने वालों को रिकाॅर्ड भी रखा जाएगा।
जिले में बढ़ते ठंड को देखते हुए रैन बसेरा का संचालन होने लगा है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने रैन बसेरा में ठहरने वालों के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि हर हाल में रैन बसेरा में ठहरने वालों को पीने के लिए गर्म पानी उपलब्ध कराया जाय। रैन बसेरा के मुख्य द्वार पर अलाव चौबीस घंटे जनता रहना चाहिए ताकि तनिक भी ठंड के एहसास होने पर लोग का आग सहारा ले सके। उन्होंने रैन बसेरा में साफ-सफाई व ताजा पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एडीएम प्रशासन अनिल कुमार ने बताया कि सीसीटीवी सभी रैन बसेरा के मुख्य द्वारा पर स्थापित हो गए हैं। इसकी निगरानी आपदा कार्यालय से की जाएगी। किसी तरह की गड़बड़ी दिखाई देने पर निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही नगर पालिका व नगर पंचायत कर्मचारियों को रात में सड़क किनारे सोने वालों को रैन बसेराें तक ले जाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए तहसील कर्मियों को भी लगाया गया है। शीत लहर के कारण सभी तहसीलों के गांवों में गरीब व असहायों के बीच कंबल बांटने व सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। अभी करीब 120 स्थलों पर अलाव जलाए जा रहे हैं।