बैरिया में हुए सड़क हादसे में मृतका निशा। फाइल फोटो, परिजन
बैरिया। राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग-31 पर बैरिया कस्बे की दलित बस्ती के पास बुधवार की दोपहर में डंपर की टक्कर से बाइक सवार रितिक यादव, निशा यादव की मौत हो गई। चालक डंपर लेकर भाग गया। हादसे के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने डंपर चालक को गिरफ्तार करने व मुआवजा की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। दोनों तरफ चार किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर बैरिया सीओ फहीम कुरैशी आसपास के थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। विधायक जय प्रकाश अंचल, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मटन वर्मा भी मौके पर पहंुचे। लोगों को समझाने का प्रयास किया । एसडीएम आलोक प्रताप सिंह व एएसपी कृपा शंकर ने सुबह तक डंपर चालक को गिरफ्तार करने और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
बिहार के भोजपुर जिला के बड़ारहा थाना क्षेत्र के खवासपुर गांव निवासी रितिक यादव (13) फकरू टोला निवासी अपनी मौसेरी बहन निशा यादव (20) के साथ बाइक से दशहरा मेला देखने रेवती गए हुए थे। घर लौटते समय बैरिया दलित बस्ती के पास मांझी की तरफ से आ रही डंपर ने टक्कर मार दी। रितिक की मौके पर ही मौत हो गई, पीछे बैठी निशा गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने सोनबरसा सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिर रास्ते उसकी भी मौत हो गई।
डंपर चालक मौके से भाग गया। मुआवजे व चालक को गिरफ्तार करने के लिए स्थानीय लोगों ने एनएच-31 को जाम कर दिया। नाराज भीड़ ने डंपर पर पत्थरबाजी कर दी। दोनों के परिजन डंपर के सामने बैठ गए। रितिक के पिता ने बताया कि निशा की शादी दो महीने बाद होने वाली थी।
-
डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर और युवती की मौत हो गई है। दोनों आपस में मौसेरे भाई-बहन थे। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर के चालक की तलाश की जा रही है। -फहीम कुरैशी, सीओ बैरिया
बैरिया में हुए सड़क हादसे में मृतका निशा। फाइल फोटो, परिजन