बलिया। जिलाधिकारी ने भरौली पुल पर उच्च गुणवत्ता के कैमरे लगाकर उन्हें आईएसआईपी सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। माझीघाट पर भी कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश खनन अधिकारी को दिया है।
बिहार की ओर से आने-जाने वाले ट्रकों के अवैध परिवहन और राजस्व हानि की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भरौली मार्ग से प्रतिदिन 700 से ज्यादा ट्रक गुजरते हैं। कई ट्रक चालक आईएसटीपी (इंटर स्टेट ट्रांजिट पास) से बचने के लिए नंबर प्लेट ढकने या बदलने जैसी अवैध हरकतें करते हैं, जिससे प्रतिदिन कई लाख रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर 24 घंटे निगरानी के लिए परिवहन विभाग, खनन विभाग, पुलिस एवं एक मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम बनाई जाए। एक टीम भरौली पुल और दूसरी टीम मांझीघाट पर तैनात रहेगी। जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जिले के लगभग 50 ट्रकों का कई बार चालान काटा गया है, लेकिन मालिकों ने जुर्माना जमा नहीं किया है। इस पर डीएम ने परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे ट्रक मालिकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए वसूली की जाए। एफआईआर दर्ज कर लाइसेंस निरस्त किए जाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।