सहतवार। कसबा के वार्ड नंबर एक में तीन जून की रात एक महिला ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति परमात्मा शर्मा पुत्र रामदहीन शर्मा के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। दोकटी थाना के दलन दपरा निवासी मृतका बेबी शर्मा के पिता गुप्तेश्वर शर्मा ने सहतवार थाने में तहरीर दी कि उसका दामाद परमात्मा शर्मा अक्सर शराब पीकर पुत्री को मारता पीटता था। इसके कारण मेरी पुत्री 30 मई को जनेश्वर मिश्र सेतु से अपनी तीन वर्षीय पुत्री प्रज्ञा के संग गंगा नदी में आत्महत्या करने की नियत से कूद गई थी। जिसे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मल्लाहों के सहयोग से बचा लिया था। इसके बाद दुबहर पुलिस ने मेरे दामाद को थाने पर डांट फटकार कर पुन: मेरी पुत्री को उसके साथ भेज दिया। बृहस्पतिवार की रात मेरी पुत्री को उसके पति ने मारापीटा। जिससे क्षुब्ध होकर उसने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को बद्रीनाथ सिंह चौराहे के पास से शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर शनिवार को चालान कर दिया।