बलिया। कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए एक ओर सरकार की ओर से कोरोना कर्फ्यू लागू किया गया है, वहीं बाजार में लापरवाही भी जारी है। दुकानदार जहां मनमाने तरीके से दुकानों को खोलकर खरीद बिक्री करते हैं। वहीं लोग बिना मॉस्क लगाए ही बाजारों में खरीदारी को पहुंच जा रहे हैं। हालांकि मंगलवार को पुलिस पूरी तरह फार्म में दिखी और कई दुकानदारों को जहां चेतावनी दी। वहीं बिना मॉस्क पहले लोगों का चालान भी काटा। पुलिस ने वाहन संचालकों को चेताया कि अगर मानक से अधिक सवारी बैठाई तो खैर नहीं। पुलिस ने एक दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए 25 लोगों का चालान भी किया।
कोरोना संक्रमण पर काबू के लिए प्रदेश सरकार की ओर से एक बार फिर 24 मई तक कोरोना कर्फ्यू की मियाद बढ़ा दी गई है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही कर्फ्यू के दौरान बेवजह बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है लेकिन इसके बाजारों में बेतहाशा भीड़ हो रही है। मंगलवार को बाजार में इस कदर भीड़ रही कि सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार हो गया। कई जगह जरूरी सेवाओं के अलावा अन्य दुकानें भी खुली रहीं और लोग खरीदारी करते रहे। नगर के स्टेशन रोड से लेकर चौक शहीद पार्क, लोहापट्टी, गुदरीबाजार, बड़ा गड़हा, सिनेमा रोड, आर्यसमाज रोड, कासिम बाजार, विशुनीपुर आदि बाजारों में काफी भीड़ रही। हालांकि मंगलवार को जरूरी सेवाओं की समय सीमा पूरा होते ही पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी नगर की अगुवाई में पुलिस ने बाजारों में चक्रमण कर जहां दुकानों को बंद कराया और वहीं आवश्यक सेवाओं के अलावा दुकान खोलने वालों को चेताया भी। इसके अलावा, बिना मॉस्क के घरों से निकले लोगों का पुलिस ने चालान भी काटा। मंगलवार को शहर के प्रवेश स्थानों पर पुलिस तैनात रही और जांच करने के बाद ही शहर में प्रवेश करने दिया। पुलिस ने एक दुकानदार के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया और बिना मॉस्क के निकले 25 लोगों का चालान किया। इस बाबत सीओ नगर विक्रमजीत सिंह ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
111 वाहनों का ई-चालान, एक बाइक सीज
बलिया। कोरोना कर्फ्यू में मंगलवार यातायात नियमों के उल्लंघन में 111 वाहनों का ई-चालान किया गया और एक बाइक सीज की गई। यातायात उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान मानकों के उल्लंघन में कार्रवाई की गई है।