बलिया। शहर के गुदरी बाजार निवासी सेंवई व्यापारी नितेश कुमार व भाई संग हुई मारपीट के पांच दिन बाद भी मुकदमा नहीं हुआ। उल्टे व्यापारी के भाई पर केस दर्ज करवाया गया है। इससे व्यापारियों में आक्रोश है। खाद्य विभाग के अधिकारी और उनके चालक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर शहर के व्यापारी आंदोलन कर रहे हैं।
गुदरी बाजार निवासी नितेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी सेंवई की फैक्टरी है, कुछ दिन पहले खाद्य विभाग की टीम ने उनके व भाई की सेंवई फैक्टरी का निरीक्षण किया। मानक के अनुरूप न होने की बात कहते हुए कार्रवाई की बात कही। नितेश ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई से बचने के लिए 50 हजार रुपये देने की मांग की। नितेश ने कहा कि खाद्य विभाग के अधिकारी ने कार्यालय की जगह बृहस्पतिवार की सुबह आवास पर बातचीत के लिए बुलाया। आवास पर दोनों भाई पहुंचे तो पैसे की मांग की गई। रुपये देने में असमर्थता जताने पर दुर्व्यवहार किया गया। कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।