बेल्थरारोड। उभांव पुलिस ने थाना क्षेत्र के ककरासो ग्राम में एक वर्ष पूर्व दो व्यक्तियों की हत्या के मामले में चार महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई जेएम प्रथम न्यायालय के आदेश पर किया है।
कोर्ट को दिए गए प्रार्थना पत्र में बहुता चक उपाध्याय ग्राम निवासिनी विमला देवी पत्नी राजमंगल ने उल्लेख किया है कि मेरी पुत्री की शादी ककरासो ग्राम निवासी चंदन पुत्र धुरेंद्र के साथ हुई है। पिछले वर्ष छह सितंबर को शाम सात बजे पुत्री के पड़ोस में बर्थडे पार्टी के दौरान करीब एक दर्जन लोग नशे में धुत होकर पटाखा फोड़ने लगे। पटाखे की चिंगारी पुत्री के ससुर धुरेंद्र पर गिर पड़ी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा होने लगा। मामले ने तूल पकड़ लिया और एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर चाकू से प्रहार करना शुरू कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करते समय सुभाष और रामाश्रय की चाकू के वार से मौत हो गई। जबकि कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इस मामले में उभांव पुलिस को तहरीर दी गई। लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम ने इस मामले में सुनवाई करते हुए पुलिस को केस दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया है। उभांव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चार महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद विवेचना एसआई सुशील कुमार को सौंप दी गई है।