नरहीं। भरौली गोलंबर स्थित माइटेक कान्वेंट स्कूल में गणित के अध्यापक मनीष कुमार सिंह की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत के मामले में पुलिस ने स्कूल के प्रबंधक और बिजली निगम के अधिकारी पर केस दर्ज कर लिया है। शिक्षक के भाई संजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
नरहीं थाना प्रभारी वीरेद्र सिंह ने बताया कि बक्सर के जासो रोड निवासी संजय सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मंगलवार को मेरा छोटा भाई मनीष कुमार सिंह की प्राकृतिक मौत नहीं हुई है। बिजली निगम एवं माइटेक कान्वेंट स्कूल के प्रबंधन की लापरवाही के कारण स्कूल के पास से गुजरे हाईटेंशन तार के टूटने वजह से घटना हुई है।
तार भाई के ऊपर गिरने से उसकी मौत हुई है। मनीष कुमार सिंह के भाई की तहरीर पर स्कूल प्रबंधन व बिजली निगम के अधिकारी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर घटना के बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने स्कूल पर पहंुचकर तार बदलने के साथ ही उसके नीचे सुरक्षा गार्ड लगाया। बिजली निगम के अधिकारियों ने मौका का मुआयना किया।
पत्नी को नौकरी और मुआवजे की मांग : घटना को लेकर हर कोई मर्माहत है। भरौली गांव के प्रधान प्रतिनिधि शिवानंद राय ने कहा कि बिजली निगम की लापरवाही से यह पहली व अंतिम घटना नहीं है। स्कूल जैसे संवेदनशील संस्थान के बाहर जर्जर लाइन को बदलने के लिए कई बार शिकायत देने के बाद भी अधिकारी लापरवाह बने रहे।
वहीं, कंपोजिट विद्यालय के पास तार जर्जर व नीचे हैं। वहीं, गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष चंद्रमणी राय ने कहा कि असमय शिक्षक की मौत से पूरा परिवार आर्थिक रूप से टूट जाएगा। उन्होंने सरकार से मृत शिक्षक मनीष सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी व बच्चों के भरण पोषण के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा की मांग की है। संवाद