बांसडीह रोड (बलिया)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सोमवार को ग्राम पंचायत सरयां में मतदान के दौरान निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रत्याशी और समर्थकों द्वारा दूसरे प्रधान प्रत्याशी के समर्थकों से की गई मारपीट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आठ लोगों के विरुद्ध मारपीट, बलवा आदि धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के ब्रजेश सिंह की तहरीर पर निवर्तमान ग्राम प्रधान विनोद सिंह समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज है।
सरयां गांव के प्राथमिक विद्यालय पर मतदान केंद्र बना था। जहां लोग सोमवार को शांति पूर्ण तरीके से मतदान कर रहे थे। आरोप है कि एक पक्ष के बृजेश सिंह द्वारा फर्जी मतदान होने की शिकायत उच्चाधिकारी से की गई। जिस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने मतदान केंद्र पर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने बांसडीह रोड पहुंच कर दोषियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष आरएस नागर ने बताया कि मारपीट के मामले में कार्रवाई की गई है मामले में जुड़े अन्य लोगों की भी छानबीन की जा रही है।