बलिया। सदर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने मीटर रीडर दो भाईयों को पीटने का मामला आया है। पुलिस ने अरुण कुमार निवासी जिला पंचायत कॉलोनी की तहरीर पर पिता वीरबहादुर, पुत्र राजू कुमार व अभिषेक कुमार निवासी शंकरपुर और रामबहादुर निवासी जलालपुर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि मेरे भाई अजीत कुमार व सोनू बिजली विभाग में मीटर रीडर पद पर कार्यरत है। रविवार की शाम को मीटर रीडर सोनू काम निपटाकर घर लौट रहा था। इस बीच विशुनीपुर चौराहा के पास आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे घेरकर बाइक की चाभी छीन ली। विरोध करने पर मारपीट कर जख्मी कर दिया।
छह दिन पूर्व दूसरे भाई को रजिस्ट्री कार्यालय के पास उक्त आरोपियों ने पिटाई की थी। घटना को लेकर मीटर रीडर के बीच आक्रोश व्याप्त है। कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष में पुरानी रंजिश चल रही है। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।