नगर के रेलवे स्टेशन-चित्तू पांडेय चौराहा मार्ग पर ईरिक्शा को बचाने में डिवाइडर पर चढ़ी कार तथा
बलिया। शहर के चित्तू पांडेय चौराहा और रेलवे स्टेशन के बीच सेंट्रल होटल तिराहा के पास बुधवार की देर शाम ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए।
दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार रेलवे स्टेशन की ओर से चित्तू पांडेय चौराहा की तरफ जा रही थी। तिराहे के पास अचानक विशुनीपुर मोड़ की तरफ से आ रहे ई-रिक्शा को बचाने के दौरान चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार डिवाइडर पर चढ़ गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर ओक्डेनगंज चौकी पुलिस भी पहुंची और क्रेन की मदद से वाहन को डिवाइडर से नीचे उतरवाया। इस दौरान काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंट्रल होटल तिराहे के दोनों ओर अतिक्रमण और सड़क पर ई-रिक्शों के खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है। डिवाइडर पर पर्याप्त सांकेतिक चिह्न और प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात में वह स्पष्ट दिखाई नहीं देता। इससे यहां पहले भी वाहन डिवाइडर से टकराने या उसके ऊपर चढ़ने की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने तिराहे से अतिक्रमण हटाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।
यातायात प्रभारी अनवर अली ने कहा कि सेंट्रल तिराहा पर डिवाइडर पर वाहन चालकों के लिए सांकेतिक स्टीकर व ड्रम रखा गया है। प्रकाश के लिए नगरपालिका को बताया गया है।