भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) पाली क्लीनिक के भवन के लिए प्रस्तावित जमीन पर जीराबस्ती में भूमि पूजन स्टेशन कमांडर वाराणसी ब्रिगेडियर कुंवर बीरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने पाली क्लीनिक से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया।
ब्रिगेडियर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पूर्व सैनिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अवास विकास कालोनी में किराए के मकान में भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना का पाली क्लीनिक संचालित किया जाता रहा है।
अब भूतपूर्व सैनिकों को स्वास्थ्य लाभ एवं कैंटीन की सुविधा एक ही छत के नीचे दिए जाने की योजना है। जिसे मूर्त रूप देने के लिए आज जीराबस्ती में भूमि पूजन कराया गया। इस पाली क्लीनिक द्वारा देश के नामी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में नि:शुल्क इलाज कराया जाता है।
इसके सारे खर्च का वहन रक्षा मंत्रालय करता है। भूतपूर्व सैनिकों को किसी प्रकार का अग्रिम खर्च वहन करना नहीं पड़ता है। इस मौके पर कर्नल एस गुहा, मेजर अनिल चतुर्वेदी, बीएन पांडेय, सुबेदार हंसनाथ यादव, सुबेदार रमाकांत पांडेय आदि उपस्थित रहे।