बिजली विभाग कैंप लगाकर बीपीएल गरीबों को मुफ्त कनेक्शन देगा। इसके तहत जनपद के विभिन्न इलाकों में 23 जुलाई से कैंप लगाये जाएंगे। जहां योजना के तहत बीपीएल परिवारों को मुफ्त में बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। शहरी क्षेत्र के नगर निगम/नगरपालिका एवं नगरपंचायत के बीपीएल परिवारों को सुगम संयोजन योजना अंतर्गत नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन देने के लिए कैंप लगेगा।
अधीक्षण अभियंता एके मिश्रा ने बताया कि शहरी क्षेत्र के बीपीएल कार्डधारक जो बिना बिजली के रह रहे हैं, ऐसे सभी लोगों को प्रदेश सरकार मुफ्त में कनेक्शन देगी। जिसके क्रम में 23 जुलाई को जनपद के विभिन्न स्थानों पर मेगा कैंप लगेगा। बताया कि विद्युत वितरण खंड-द्वितीय अंतर्गत बनरही, मनसा बाबा, पटखौली, राजकीय पोलिटेकनिक के पास एवं भृगुआश्रम के अलावा चितबड़ागांव उपकेंद्र पर कैंप लगेगा।
विद्युत वितरण खंड-प्रथम के अंतर्गत रसड़ा कोतवाली के पास एवं अवांय, बेल्थरारोड उपकेंद्र पर कैंप लगाया जाएगा।
विद्युत वितरण खंड-तृतीय के अंतर्गत बांसडीह उपकेंद्र, मनियर उपकेंद्र, प्राथमिक सामुदायिक केंद्र बांसडीह, रेवती उपकेंद्र एवं सिकंदरपुर उपकेंद्र पर कैंप लगेगा। जहां शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन दिया जाएगा। एक्सईएन हरिशंकर ने बताया है कि यह ध्यान रहे कि कोई भी व्यक्ति धोखे से पूर्व विद्युत बकाये पर कनेक्शन ना लें।