सुखपुरा। सुखपुरा इंटर कॉलेज पर आयोजित एनसीसी कैंप में शुक्रवार की देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि 90 यूपी एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कृष्ण सिंह, विशिष्ट अतिथि सुरेश तथा सुखपुरा इंटर कॉलेज के प्रबंधक दिनेश चंद्र सिंह एवं प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार सिंह रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने नृत्य और गीत के कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसे देखकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए। कैडेट श्वेता शाह, प्रगति, काजल गौतम, आयुषि, नेहा साहनी, शालू पासवान, विपिन यादव, आयुष तिवारी, लकी भूषण आदि ने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को गोल्ड मेडल और सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कर्नल हनुराव ने कहा कि सभी कैडेटों का एक लक्ष्य होना चाहिए और उस लक्ष्य के हिसाब से उन्हें मेहनत करना चाहिए ताकि हम अपने जीवन में सफल हो सकें। सुखपुरा इंटर कॉलेज के प्रबंधक ने कहा कि जब भी एनसीसी द्वारा विद्यालय से कोई सहयोग मांगा जाएगा तो यह विद्यालय सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। संचालन कैप्टन अजय प्रताप सिंह एवं कैडेट सान्या ने किया।