पूर्व सांसद व सेनानी स्व. चंद्रिका बाबू की 16 वीं पुण्य तिथि पर उनकी आदम कद प्रतिमा भारतीय स्टेट बैंक के मिड्ढी शाखा पर स्थापित की गई। जिसका अनावरण मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने किया। काबीना मंत्री नारद राय और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने उनके आदम कद प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
अनावरण के उपरांत टाउन इंटर कालेज परिसर में आयोजित सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद नीरज शेखर ने कहा कि चंद्रिका बाबू वास्तव में एक महान व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी तुलना वर्तमान परिवेश में राजनीतिज्ञों से नहीं की जा सकती। महापुरुषों को याद रखने के लिए स्मारक बनाए जाने जरूरी है। कहा कि आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी पैतृक गांव ओझवलिया में भी उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने का विचार मेरे मन में हैं।
काबीना मंत्री नारद राय ने कहा कि बलिया की संस्कृति ऐसी रही है कि एक नेता दूसरे नेता के घर शाम को चाय पर जाते हैं तो पार्टी की बात भूल जाते हैं। लेकिन वर्तमान समय में माहौल बहुत ही दूषित हो चुका हैं। कांग्रेस नेता पं. राजीव उपाध्याय ने कहा कि चंद्रिका बाबू कभी छोटे नेताओं को मान सम्मान देने में कोताही नहीं बरतते थे।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सचिदानंद तिवारी ने कहा कि देश को आजाद कराने से लेकर बलिया के विकास में स्व. चंद्रिका बाबू का सराहनीय योगदान रहा। संचालन कर रहे डा. विजयानंद पांडेय ने कहा कि चंद्रिका बाबू एक महान पुरूष थे। राधिका मिश्रा, संजय सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, राघव सिंह, भोला नाथ मिश्र, उषा सिंह, संजय श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, सेनानी के पौत्र दीपक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।