गड़वार-नगरा मार्ग पर क्षेत्र के रामपुर असली गांव के समीप बुधवार की देर शाम को दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हुए तीन के घायल होने से क्षेत्र में कोहराम मचा है। हादसे में सवन निवासी वृद्धा शांति देवी, डब्लू गुप्ता व राज गुप्ता घायल हैं। गड़वार कस्बा निवासी हरेराम के पुत्र शिवकुमार वर्मा की मौत हो गई। शिवकुमार की कस्बे में स्पोर्ट्स व कॉपी-किताब की दुकान है। हर घर झंडा योजना के तहत ये अपनी दुकान से झंडा खरीदने के सिलसिले में नगरा व चिलकहर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों से मिलने निकले थे। रात में लौटते वक्त रामपुर असली गांव में सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। घरवालों को क्या पता था कि शिवकुमार अब वापस घर नहीं लौटेगा। असामयिक मौत से पत्नी निवेदिता बेसुध पड़ी हैं। माँ का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता सदमे में हैं। मृतक की तीन व पांच वर्ष की दो पुत्रियां हैं। जो घटना से अंजान अपने पिता की आने की राह तक रहीं हैं।