रसड़ा-फेफना मार्ग के चिलकहर चट्टी से 200 मीटर दूर गुरुवार की देर रात पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
जिसमें बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई और दूसरे की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घटना स्थल पर असंतुलित होकर पलटी पिकअप में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज निवासी विनोद गुप्ता (28) एवं उसका दोस्त शिवजी प्रसाद (25) गुरुवार की रात मऊ से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे।
विनोद की बहन प्रियंका ने इंटरमीडिएट की परीक्षा मऊ जनपद से उत्तीर्ण की थी। वहां कन्या विद्याधन के लिए छात्राओं की लिस्ट में प्रियंका का नाम आया है।
उसी के संबंध में दोनों बैंक पासबुक की छाया प्रति डीआईओएस कार्यालय मऊ में जमा कर वापस लौट रहे थे। अभी वह गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर चट्टी के समीप सामने पहुंचे थे कि तेजगति से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर सवार विनोद गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर हादसे में पिकअप भी असंतुलित होकर गड्ढे में पलट गई। जिसमें सवार रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अमहर पट्टी निवासी राकेश कुमार (28) एवं इसी गांव का चंदन (24) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाला विनोद बैरिया कस्बे कारोबारी निर्मला गुप्ता का इकलौता पुत्र था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
जबकि तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शिवजी प्रसाद की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। कारोबारी निर्मला कुमार गुप्ता के इकलौते बेटे विनोद कुमार की सड़क हादसे में मौत की सूचना पर रानीगंज बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।
कारोबारियों ने शुक्रवार को दूकानें बंद रखीं। उधर परिवार के लोग पूरे दिन रोते-बिलखते रहे। उन्हें ढ़ाढ़स बंधाने वालों का तांता लगा रहा।
रानीगंज बाजार स्थित कोटवा के बगल में निर्मला कुमार गुप्ता की जलपान की दूकान है। उनका इकलौता पुत्र विनोद कुमार गुप्ता (28) अपने साथी शिवजी गुप्ता के साथ मऊ से लौट रहा था।
रास्ते में चिलकहर चट्टी के समीप पहुंचे थे कि सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। विनोद की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा साथी शिवजी गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर किया गया है। सूचना के बाद परिजनों ने शोक की लहर दौड़ गई। मां नैन देवी तथा विनोद की पत्नी संगीता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।। विनोद का ढाई वर्षीय एक पुत्र है।