बेल्थरारोड। तहसील मुख्यालय के पास शनिवार की रात पेट्रोल पंप से तेल भर कर बाहर निकल रही जीप में रफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस ने टक्कर मार दी। इससे जीप में सवार दो महिलाएं जख्मी हो गईं। जीप के सड़क किनारे फिसल जाने से बबलू प्रसाद (40) भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई और नाराज लोगों ने बस चालक को घेर लिया। इस दौरान कुछ उग्र लोगों ने बस चालक अमरजीत यादव की जमकर पिटाई भी कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को चालक समेत सुरक्षित थाना ले गई। बताया जा रहा है कि बलिया डिपो की अनुबंधित बस है जो शनिवार की देर रात बेल्थरारोड रोडवेज बस स्टेशन से बिना सवारी ही सिकंदरपुर मार्ग से मालदह की ओर जा रहा था कि पेट्रोल पंप के पास अचानक तेल लेकर निकल रही जीप से टकरा गई। टक्कर में जीप के पिछले हिस्से क्षतिग्रस्त गए और जीप में सवार दो महिलाएं बाल-बाल बच गईं। मौके पर नाराज लोगों ने बस चालक की गलती बताकर उसकी धुनाई कर दी। देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।