नगरा। नगरा-बेलौझा मार्ग पर मलप हरसेनपुर गांव के पास रविवार को एक निजी बस का एक्सल टूट गया। इससे अनियंत्रित होकर बस पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और खेतों में काम कर रहे किसान तुरंत मौके पर पहुंचे और बस के अंदर से यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को नजदीक के निजी चिकित्सकों के पास भेजा। वहीं, गंभीर रूप से घायल बस चालक कमरूद्दीन और परिचारक को पीएचसी नगरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में 13 यात्री घायल हो गए(
नगरा-बेलौझा मार्ग अत्यंत ही जर्जर एवं खस्ताहाल हो गया है। इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे में गिरकर अक्सर सायकिल और बाइक सवार चोटिल होते रहते हैं। सरकार की ओर से समय-समय पर गड्ढामुक्त सड़क अभियान चलाने के बावजूद विभागीय अधिकारियों की कभी भी नजर इस मार्ग पर नहीं पड़ती। जर्जर सड़क पर रविवार को यात्रियों को लेकर जा रही एक निजी बस का एक्सल गड्ढे में पड़ने से टूट गया और बस पलट गई। बस में कुल 25 यात्री सवार थे। इसमें मेवाती देवी, सुखनंदन, कौशल्या देवी, रीता, उदासी देवी, सुदर्शन, मनोज समेत 13 लोग घायल हो गए।