यूपी- बिहार के बार्डर रेवती थाना के अधिसिझुआ गांव के दियारे में एक खेत में जलाकर फेंका गया शव पड़ा मिला। इसकी खबर मिलते ही सनसनी फैल गई। खेतों में काम करने गए किसानों की सूचना पाकर मौके पर सीओ बैरिया उस्मान अहमद व थाना प्रभारी रोहन राकेश सिंह दलबल के पहुंच जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना की खबर लगते ही खलबली मच गई। शव पूरी तरह जलने के कारण महिला या पुरुष का है यह स्पष्ट नहीं हो पाया। फोरेंसिक जांच टीम ने पोस्टमार्टम हाउस में शव व घटना स्थल की जांच पड़ताल कर साक्ष्य लिए।
यूपी-बिहार के बार्डर पर स्थित अधिसिझुआ दोनों राज्यों के बदमाशों की शरणस्थली है। पूर्व में इस स्थान पर कई शव मिल चुके है, जिसमें अधिकतर बिहार के होते हैं। शनिवार को गेहूं के खेत में पूरी तरह जला अज्ञात शव मिलने के बाद लोगों के जेहन में पुरानी यादें ताजा हो गईं। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस बलिया के साथ बिहार के तटवर्ती गांवों में जानकारी कर रही है। थाना प्रभारी रोहन राकेश सिंह ने बताया की दियारे में घास काटने वालों से पता चला कि बिहार सीमा के निकट एक गेहूं के खेत में अधजला शव पड़ा हुआ है। शव बुरी तरह से जलने के कारण उम्र व महिला-पुरुष की पहचान नहीं हो पा रही है। जिस खेत से शव मिला वह एक मठिया की जमीन है। बैरिया सीओ उस्मान अहमद ने बताया की पोस्टमार्टम होने के बाद ही शव किसका व मौत के कारणों की सही जानकारी मिल पाएगी।