छोटी दीपावली के मद़देनजर शनिवार को नगर में खूब चहल-पहल रही। लोगों द्वारा गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा के साथ मिट्टी के दीए की जमकर खरीदारी की गई। भीड़ बढ़ने से शहर में जाम की स्थिति रही। नरक चतुर्दशी पर वर्ष भर के विकारों, दोषों से बचने के लिए दीप जलाए गए। सभी घरों में अकाल मौतों से मुक्ति के लिए यमराज के नाम पर घरों के बाहर लोगों ने यम का दीपक जलाया।
शनिवार की दोपहर बाद नगर का अधिकांश मार्ग जाम से कराहता नजर आ रहा था। रोशनी के पर्व दीपावली पर एक दिन पहले भैया दूज के लिए भी महिलाओं ने लाई, चिऊरा, भरुका, कुटकी, पटउरा के साथ मिठाई की खरीददारी की। नगर के शहीद पार्क चौक के चारों तरफ दीपावली के संबंधित सामानों की दूकाने लगी हुई हैं। बाजार में मिट्टी के दीपक की बिक्री तो रही। लेकिन मोमबत्ती के महंगे होने से ग्राहकों की जेब ढीली होती रही। इस वर्ष चाइनीज झालरों की अपेक्षा मिट्टी के दीपक अधिक बिके। जिससे कुम्हारों का काफी फायदा हुआ।
पिछले वर्ष 30 रुपये सैकड़ा बिकने वाला दीपक इस बार 60 रुपया तक बिका। दीपावली पर हो रही ब्रिकी को लेकर दूकानदारों में उत्साह देखते बन रहा है। दूकानदारों का कहना है कि महीने का अंतिम समय होने के बाद भी लोग खरीददारी करने में हिचक नहीं रहे हैं। नगर के प्रमुख दूकानों के अलावा खुले कुछ शापिंग माल में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। बेल्थरारोड में रेलवे चौराहे चौधरी चरण सिंह त्रिमुहानी तक मुख्य सड़क के दोनों तरफ काफी दूकानें सजी रही, जहां देर शाम तक लोगों ने खरीददारी की।
उधर, छोटी दीपावली के अवसर पर शाम में नगर का वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम सैकड़ों मोमबत्ती और हजारों दीपक के बीच जगमगा उठा। इस दौरान खिलाड़ियों और नगर के युवाओं ने स्टेडियम में दीपों एवं गुलाल की रंगोली से खूबसुरत तरीके से सजाया। दीपों और मोमबत्तियों की सजावट ने सबका मन मोह लिया। दीया जलाने के लिए खिलाड़ियों में उत्साह दिखा।