लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस अफसरों ने बुधवार को सिकंदरपुर, मनियर तथा बांसडीह मार्ग पर सड़क के किनारे अतिक्रमण कर बने मकानों पर बुलडोजर चलाया।
इस दौरान करीब एक दर्जन से अधिक मकानों को तोड़कर सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान थाने के पास के मेस और पेड़ टूट गया।
लोक निर्माण विभाग बलिया द्वारा विगत 29 दिसंबर तक सिकंदरपुर, मनियर, बांसडीह मार्ग से अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम देने के बावजूद स्थानीय लोगों द्वारा खाली न करने पर पुलिस बल की मौजूदगी में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू की गई।
सर्वप्रथम मनियर थाने से दो बुलडोजर अतिक्रमण हटाते हुए बड़ी-बड़ी इमारतों को गिराना शुरू कर दिया। इसके बाद इमारत के ईंट के टुकड़ों को ट्रक पर लाद अन्यत्र पहुंचाया गया। सर्व प्रथम हरी डोम, मीना के घर की बिल्डिंग तोड़ी गई। इसके बाद शिव मंदिर के गेट को तोड़ा गया।
इसके बाद एक बुलडोजर ने थाने के समीप मेस और लगा आम का पेड़ गिरा दिया तो थानाध्यक्ष मनियर ब्रजेश कु मार शुक्ला भड़क गए। इसके बाद उन्होंने पीडब्लूडी के अमीन दिनेश सिंह और बुल्डोजर के चालक को फटकार लगाते दायरे में रखकर काम करने का हिदायत देते हुए मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी।
कहा कि बीस फीट दाएं और बाएं तोड़ना था तो अधिक क्यों तोड़ा गया? उसके बाद मध्य सड़क से बीस-बीस फीट दोनों तरफ नाप कर बिल्डिंग तोड़ने की कवायद शुरू हो गई। बिल्डिंग तोड़ते समय मौके पर एसडीएम बांसडीह अरविंद कुमार, सीओ बांसडीह लक्षीराम यादव, सहायक अभियंता थानेदार प्रजापति, जेई अमित सिंह, दो कंपनी पीएससी, थाना बांसडीह, सहतवार और रेवती की पुलिस मौजूद रही।
उधर बांसडीह संवाददाता के मुताबिक कसबा के अंबेडकर तिराहे पर पीडब्लूडी में कराए गए निर्माण को बुधवार की शाम बुलडोजर द्वारा गिराया गया। पिछले बसपा सरकार के तत्कालीन विधायक शिवशंकर चौहान द्वारा कराए अंबेडकर की प्रतिमा के ऊपर छत और हाल सहित बाउंड्री का निर्माण कराया था। लेकिन पीडब्लूडी के बुलडोजर ने प्रतिमा और छत को छोड़ बाउंड्री सहित हाल गिरा दिया। इस दौरान एसडीएम अरविंद कुमार राय, सीओ लक्षीराम यादव, तहसीलदार हीरालाल, पीडब्लूडी के एक्सइएन एसएन प्रजापति, जेई के साथ ही बांसडीह कोतवाली सहित कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी मौजूद रहे।