बलिया। कोरोना काल का असर भवन निर्माण सामग्री कारोबार पर भी पड़ा है। लॉकडाउन ओपन होने के बाद भी गिट्टी, बालू सहित अन्य निर्माण सामग्री के दाम बढ़ गए हैं। इससे लोगों को आशियाना बनाना मुश्किल हो रहा है। आलम यह है कि कई लोगों ने भवन निर्माण को चार-पांच महीने के लिए टाल दिया है। अनलॉक होने के बाद सीमेंट के दाम 40 से 50 रुपये प्रति बोरी बढ़ गए हैं। जबकि बालू की कीमत में 40 से 50 रुपये प्रति घन फुट इजाफा हुआ है। इसके अलावा सरिया की कीमत में भी 300 से 500 रुपये प्रति क्विंटल उछाल आया है। भवन निर्माण सामग्री कारोबार से जुड़े जानकार बताते हैं कि पहले चार से पांच हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर ट्राली मिलने वाला लाल बालू अब दस हजार के भाव बिक रहा है। जबकि प्रति ट्रक इसकी कीमत अब 80 से 90 हजार रुपये हो गई है। इस समय सप्लाई में भी देरी हो रही है। इसी तरह लॉकडाउन से पहले सीमेंट के दाम 300 से 350 रुपये प्रति बोरी था, जो अब 350 से 400 रुपये हो गए हैं। इसका असर मांग और पूर्ति पर भी पड़ा है।