नगरा। थाना क्षेत्र के परसियां गांव के पास शुक्रवार की देर रात बसपा नेता के कार पर अराजकतत्वों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। बसपा नेता ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई और रात में ही घटना की सूचना बसपा के नेताओं को दी। घटना की सुबह बसपा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारती, आजमगढ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी शैलेंद्र महाराज, सत्यप्रकाश जायसवाल, इश्तेयाक अहमद सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने नगरा पुलिस को घटना की तहरीर दी।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली निवासी संतोष कुमार बेल्थरारोड से निमंत्रण कर अपने कार से घर वापस लौट रहे थे। वे बेल्थरारोड से बसपा के टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। जैसे ही वे परसियां गांव के पास पहुंचे कि पहले से घात लगाकर सरपत में छिपे अराजकतत्वों ने दोनों तरफ से कार पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। जिसमें कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। भयभीत बसपा नेता ने गाड़ी की रफ्तार तेज करकर किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरे ऊपर जान से मारने के नियति से हमला किया गया है। जिलाध्यक्ष ने चेताया है कि यदि शीघ्र दोषियों की गिरफ्तारी नही हुई तो बसपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। इस बाबत नगरा थानाध्यक्ष संजय सरोज ने बताया कि पीड़ित द्वारा तहरीर मिल चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।