बलिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी शिव नारायन सिंह ने शनिवार को शिक्षा क्षेत्र रसड़ा अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मनिहा में तैनात सभी शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित कर दिया है। साथ ही एक सप्ताह के अंदर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण कार्यालय में देने का निर्देश दिया है।
मीडिया में प्राथमिक विद्यालय मनिहा के शिक्षकों की लापरवाही और स्कूल न आने से संबंधित समाचारों की सुर्खियां बनी थीं। इसमें विद्यालय में अध्यापकों की गैर मौजूदगी और रसोइयों द्वारा विद्यालय के संचालित होने का जिक्र था। बीएसए ने मामले की जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया में मामला सही पाया गया। बीएसए ने माना कि शिक्षकों के इस प्रकार के आचरण से विभाग की छवि धूमिल हो रही है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मनिहा के सभी अध्यापकों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करते हुए स्पष्टीकरण देने और अन्यथा सेवा पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि का आदेश दिया।