बलिया। अध्यापकों की वरिष्ठता सूची में सुधार नहीं करने, ग्रेच्यूटी की पत्रावली लंबित करने, कार्यालय में नहीं बैठने, चहेते फर्म को भुगतान करने के लिए अध्यापकों पर दबाव बनाने तथा एक ही विद्यालय को लक्ष्य कर मुआयना करने के आरोप को गंभीरता से लेते हुए बीएसए मनिराम सिंह ने नवानगर के खंड शिक्षा अधिकारी रमेश श्रीवास्तव को नोटिस जारी किया है।
बीएसए ने बीईओ से एक सप्ताह के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस में बीएसए ने बीईओ को निर्देशित किया है कि विकास खंड अंतर्गत कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ सद्भावपूर्ण तरीके से सामंजस्य स्थापित कर शासन एवं विभाग से संबंधित योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। इसके साथ ही चेताया कि यदि आपके कार्य एवं आचरण से शासकीय कार्य प्रभावित होता है तो नियमों के आलोक में कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ नवानगर के अध्यक्ष बीईओ के विरुद्ध शिकायत की थी।