थाना अंतर्गत अचलगढ़ ढाला के पास गुरुवार की दोपहर ओवरटेक कर रहे ट्रक के
चपेट में आने से श्रीनगर नई बस्ती निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मौत के पश्चात गुस्साई भीड़ ने सड़क को घेर कर बैठ गई तथा जाम लगा दिया।
एसडीएम तथा सीओ बैरिया के काफी समझाने-बुझाने के बाद शव को कब्जे में लेकर
पुलिस क्षतिग्रस्त मोटर सायकल को थाने लाई। समाचार लिखे जाने तक तहरीर दी
जा रही थी। श्रीनगर नई बस्ती निवासी मनोज राम (36) पुत्र कपिल राम अपनी
बहन को मकर संक्रांति की खिचड़ी लेकर सवा बजे के करीब अपने घर से निकला।
रेवती-बैरिया मुख्य मार्ग पर लगातार दो ट्रक तेज रफ्तार में गुजर गए।
रास्ते को पार करने के लिए वह बाइक को खड़ी कर अपने चचेरे भाई अखिलेश के
साथ इंतजार करने लगा। इस बीच तीसरा ट्रक ओवरटेक करने के उद्देश्य से तेज
रफ्तार में अचलगढ़ ढाला से गुजरा और मनोज को अपनी चपेट में लेते हुए निकल
गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक मनोज के सिर के रौंदते हुए निकल
गया। आक्रोशित लोग तुरंत सड़क पर आ जमे तथा यातायात बाधित हो गया। खबर
सुनकर मौके पर पहुंचे एसओ रेवती सत्येंद्र सिंह यादव ने काफी
समझाया-बुझाया। लेकिन भीड़ मुआवजे तथा चालक को पकड़ने की मांग पर डटी रही।
इसबीच एसडीएम बैरिया देवेश कुमार गुप्त, सीओ बैरिया त्रयंबक नाथ दूबे, एसओ
बैरिया संजय सिंह के साथ पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने शव
को कब्जे में लिया तथा थाने लाई। उधर क्षतिग्रस्त मनोज की बाइक को भी पुलिस
ने कब्जे में लेकर थाने लाई।
घटना की खबर सुनकर मनोज की मां मानकी देवी,
पत्नी राजकलि, पिता कपिल राम तथा अन्य परिवारीजन वहां पहुंच गए। मनोज के दो
लड़कियां और एक लड़का है। उसकी पत्नी गर्भवती है।