बलिया। प्रमुख मुख्य सड़कों से गांवों को जोड़ने की योजना को मूर्त रूप दिया जाने लगा है। छोड़हर गांव के सामने कटहलनाला पर पुलिया बनाने की लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है। पुलिया का निर्माण 2.77 कराेड़ से किया जाएगा। 1.38 करोड़ रुपये जारी हुए हैं।
पुलिया बनने से जीराबस्ती व छोड़हर गांव की दूरी कम हो जाएगी। पुलिया बनने के साथ मार्ग सीधे हनुमानगंज-शंकरपुर मार्ग में जाकर मिल जाएगा। ऐसे जीराबस्ती गांव से छोड़हर व शंकरपुर जाने तक की दूरी काफी कम हो जाएगी। अभी जीराबस्ती व गोठहुली गांव के लोगों को छोड़हर तक जाने के लिए करीब पांच किमी की दूरी हनुमानगंज के रास्ते तय होती है।
इस पुलिया की डिमांड काफी दिनों से ग्रामीण कर रहे थे। छोड़हर गांव के अनुसूचित बस्ती के सामने कटहलनाला पर पुलिया बनाने के लिए शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इधर, हनुमानगंज-शंकरपुर मार्ग का चौड़ीकरण सुंदरीकरण का कार्य जारी है। इसे जल्द ही तैयार होने की उम्मीद है। इस मार्ग को लिंक मार्ग के लिए रूप में तैयार किया जा रहा है। सिकंदरपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन शहर के बाहर-बाहर ही बांसडीह रोड पर चले जाएंगे। उसके साथ ही बैरिया की तरफ निकल जाएंगे। छोड़हर गांव के सामने बनने वाली पुलिया भी इस मार्ग से जुड़ जाएगी, जिससे चार गांवों को काफी लाभ होगा।