बलिया। जिला प्रशासन एवं खेल कार्यालय की ओर से जिला स्तरीय जूनियर बालक वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। स्टेडियम की दोनों टीमें मैच जीतकर अगले दौर में पहंुच गईं।
उद्धाटन मैच स्टेडियम ब्लास्टर और इंडियन क्रिकेट क्लब नगरा के मध्य खेला गया। इसमें स्टेडियम ब्लास्टर की टीम ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवरों में अमित कन्नौजिया के 49, शिवम् राव 49 रन के बदौलत 207 रन का लक्ष्य रखा। नगरा की तरफ से सुधांशु ने 4 और रिशू ने दो विकेट लिए।
जवाब में नगरा की टीम 28वें ओवर में सभी विकेट खोकर 115 रन पर सिमट गई। नगरा की तरफ से विवेक ने 41 और आर्यन ने 11 रन बनाए। स्टेडियम की तरफ से रविराज यादव ने 4 विकेट लिए, उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच स्टेडियम वारियर और सेक्रेट हार्ट स्कूल के मध्य खेला गया। सेक्रेट हार्ट स्कूल की टीम ने टाॅस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के पूर्व 17वें ओवर में सुधांशु के 26 रन, सौरभ के 18 रन और वैभव 12 के रन की बदौलत 91 रन बनाए। स्टेडियम वारियर की तरफ से अभिराज सिंह 2 और समर सिंह ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में स्टेडियम वारियर ने 5 विकेट के नुकसान पर अभिराज सिंह के 25, सम्राट के 15, आर्यन के 10 रन की बदौलत लक्ष्य को प्राप्त कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
सेक्रेट हार्ट की तरफ से साहिल एवं वैभव ने 2-2 विकेट प्राप्त किए। अभिराज सिंह को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पहले मुख्य अतिथि डीएसओ देवमणि मिश्रा का स्वागत क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाल यादव ने बैज अलंकरण कर किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। अम्पायर की भूमिका में धर्मेंद्र पाण्डेय, दीपराज शर्मा, मो. यासिर, आर्यन सिंह, मो. अब्दुल्लाह, समीर सिंह आदि रहे।