बलिया। जिले में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। 1100 से ज्यादा मतदाताओं वाले बूथों की होगी स्क्रूटनी होगी। दूरी और सुविधाओं के आधार पर बदलाव होंगे।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर बूथों के स्थान परिवर्तन और पुनर्गठन पर विस्तार से मंथन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी मतदेय स्थल मतदाताओं के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं होना चाहिए। जिन बूथों के स्थान परिवर्तन के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, उनका मौके पर निरीक्षण कर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप निर्णय लिया जाए।
बैठक में प्राथमिक विद्यालय ग्राम पुरास दक्षिण बरुना स्थित मतदेय स्थल संख्या-261 को अलग करने का सुझाव रखा गया। इस पर डीएम ने कहा कि यदि दूरी दो किलोमीटर से अधिक नहीं है तो बूथ में बदलाव की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि संबंधित एसडीएम को मौके पर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। बहेरी स्थित मतदेय स्थल संख्या-110, 111 और 112 पर मतदाताओं तथा चार पहिया वाहनों के आवागमन में हो रही दिक्कतों को देखते हुए इन्हें दिल्ली पब्लिक स्कूल, बहेरी में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर भी एसडीएम सदर को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार इस्लामिया स्कूल परमानंदापुर स्थित मतदेय स्थल संख्या-64 को प्राथमिक विद्यालय परमानंदापुर में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या-18 को एक ही बूथ में समायोजित करने का निर्णय लिया गया।
बहेरी के मदरसा अनवारुल उलूम जूनियर हाई स्कूल स्थित मतदेय स्थल संख्या-107, 108 और 109 को पंचायत भवन चंद्रशेखर नगर में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी एसडीएम सदर को स्थल निरीक्षण कर निर्णय लेने को कहा गया। कंपोजिट विद्यालय ब्रह्माइन डेरा स्थित मतदेय स्थल संख्या-12 को बूथ संख्या-10 अथवा 11 में समायोजित करने के सुझाव पर भी जांच के निर्देश दिए गए। बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र में अंबेडकर पसरा स्थित जर्जर विद्यालय में संचालित बूथ को तत्काल बदलने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। इसके अलावा चकिया-बिछुआ के मतदेय स्थल संख्या-46 एवं 47, बालखंडी नाथ इंटर कॉलेज सिसोटर, पकड़ी तथा हरिवंश बाबा इंटर कॉलेज पुर से जुड़े विभिन्न बूथों के स्थान परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों पर भी संबंधित एसडीएम को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को जिले के सभी मतदेय स्थलों की व्यापक स्क्रूटनी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर 1100 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, उनकी सूची तैयार कर आवश्यकता के अनुसार नए बूथों का गठन किया जाए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, जिले के सभी उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।