बलिया। शहर के चित्तू पांडेय रेलवे क्रासिंग का बूम सांड़ की टक्कर से मंगलवार को क्षतिग्रस्त हो गया। गेटमैन ने तत्परता दिखलाते हुए स्लाइडर बूम लगाकर अप छपरा-औड़िहार पैसेंजर को पार करवाया।
बूम क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वाहन चालक गेट खोलने को लेकर हंगामा करने लगे। दगेर होने पर ऊपर फ्लाईओवर के साथ ही शहर के मार्ग भी जाम हो गए। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और धीरे-धीरे वाहनों को पार करवाना शुरू किया। चित्तू पांडेय चौराहा, रोडवेज तिराहे पर ट्रैफिक जवान क्रासिंग की तरफ जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर ओवरब्रिज होकर भेजने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक रूट बाधित रहा। गेटमैन की सूचना पर पहुंची इंजीनियरों की टीम ने क्षतिग्रस्त बूम को हटाकर नया बूम लगाया। इसके बाद आवागमन सुचारू हुआ। गेटमैन ने बताया कि छपरा-औड़िहार पैसेंजर को पास कराने की सूचना पर बूम गिराया था। उसी दौरान गाय का पीछा करते हुए एक सांड़ कहीं से आ गया। वाहन चालक उसे खदेड़ने लगे। भागने के दौरान उसकी टक्कर से एक बूम क्षतिग्रस्त हो गया। स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि स्टेशन का पश्चिमी क्रासिंग पर सांड़ की टक्कर से तकनीकी खराबी आ गई थी। इमरजेंसी के लिए लगे स्लाइडर बूम से सभी ट्रेनों को पास करवाया गया। ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।