बांसडीह। कस्बे के वार्ड न तीन शिवरात्रि पोखरा मार्ग पर सड़क के किनारे स्थित कुएं में रविवार की रात तीन दिन से लापता मन्नू पटेल (40) का शव मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बांसडीह वार्ड न 10 के निवासी प्रिया पटेल ने बताया कि पति मन्नू पटेल कानपुर में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। छुट्टी पर घर आए थे। शुक्रवार की रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए। सुबह वह घर में नहीं मिले। काफी खोजबीन किया लेकिन उनका कही पता नहीं चल पाया। प्रिया पटेल ने पति के गुम होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी।
प्रभारी निरीक्षक राकेश उपाध्याय ने बताया रविवार की रात पुलिस टीम सुरक्षा गश्त कर रही थी। उसी दौरान कुएं से बदबू आने पर कर्मियों ने टाॅर्च जलाकर कुएं में देखा तो शव उतराया दिखाई दिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालकर शव की शिनाख्त कराई, लेेेेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन पुलिस की सूचना पर प्रिया पटेल ने थाने में पहुंचकर शव की शिनाख्त मन्नू पटेल के रूप में की। कोतवाल राकेश उपाध्याय ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।