फेफना थाना क्षेत्र के मिठवार गांव के मढ़ाई टोला निवासी मृतक प्रेमचंद राजभर। फाइल फोटो, परिजन
फेफना। थाना क्षेत्र के मिठवार गांव के मढ़ाई टोला निवासी प्रेमचंद राजभर (40) का शव शुक्रवार की सुबह गांव स्थित बाबा के पोखरे में उतराया मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
मिठवार गांव में पांच स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। बुधवार को सभी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया था। प्रेमचंद भी अपनी बस्ती की प्रतिमा विसर्जन करने वाली समिति के साथ बुधवार देर शाम गया था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा।
पत्नी तारा देवी ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि प्रेमचंद गांव में ही कहीं होंगे। बृहस्पतिवार को भी उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पोखरे से मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।