घोघा। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में शुक्रवार सुबह सरयू नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह ताहिरपुर गांव के पास सरयू नदी के किनारे पानी में लोगों ने शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बांसडीह कोतवाली पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। प्रथमदृष्टया आशंका है कि शव कहीं अन्यत्र से बहकर सरयू नदी के रास्ते ताहिरपुर के किनारे आकर लगा है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 70 से 80 वर्ष के बीच होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।