जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार अठगांवा स्थित बीएसटी बांध के पास शनिवार दोपहर खाई में भरे पानी में एक अधेड़ का शव उतराया मिला।
विज्ञापन
सूचना पर उत्तर प्रदेश और बिहार, दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल दोनों राज्यों की सीमा के समीप होने के कारण कुछ देर तक सीमा क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई। बाद में शव उत्तर प्रदेश की सीमा में होने की पुष्टि होने पर जयप्रकाश नगर पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएचओ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया पानी में डूबने से मौत होने की आशंका है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान बिहार के छपरा जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताबदियारा स्थित गरीब टोला निवासी संजीत सिंह (47) पुत्र सुखदेव सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बलिया भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।