बलिया। शासन ने यूपी बोर्ड की परीक्षा को नकल विहीन कराने के निर्देश दिए हैं। अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर एसटीएफ की तैनाती होगी। सामूहिक नकल पकड़े जाने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट या स्टेटिक मजिस्ट्रेट जिम्मेदार माने जाएंगे। डीआईओएस रमेश सिंह ने बताया कि नकल माफिया पर नकेल कसने के लिए इस बार एसटीएफ और एलआईयू की विशेष टीमों की मदद ली जाएगी। इस बाबत मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने पत्र लिख कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से 607 विद्यालय हैं। परीक्षा के लिए एक लाख 38 हजार 526 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें 10वीं के 65,906 और 12वीं के 72,674 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। 177 परीक्षा केंद्र बनाएं गए हैं। परीक्षा को शुचिता पूर्व कराने के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने डीएम को कड़ी निगरानी में परीक्षा कराने के लिए पत्र भेजा है। परीक्षाएं 22 फरवरी से नौ मार्च के बीच होंगी। उन्होंने अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात करने के निर्देश दिए हैं। केंद्र व्यवस्थापकों की संस्तुति पर एलआईयू और एसटीएफ की मदद लेने का निर्देश भी दिया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर बाहर से कराई जाने वाली नकल को रोकने की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी।