बलिया। कोरोना से बचाव को लेकर एक ओर सरकार स्वच्छता के साथ सजगता पर विशेष जोर दे रही है। इसके तहत सभी को मास्क व सैनिटाइजर के प्रयोग की नसीहत भी दी जा रही है। लेकिन आम जन कैसे मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करें, जब आठ से दस रुपये में बिकने वाला मास्क एक तो सहजता से मिल नहीं रहा और जहां कहीं मिल भी रहा है तो मनमानी कीमत पर। कुछ ऐसी ही स्थिति सैनिटाइजर की भी बाजार में है। हालांकि सरकार ने इसके लिए बाकायदा दिशा निर्देश जारी कर सभी दवा दुकानदारों को मास्क और सैनिटाइजर सरकार द्वारा निर्धारित कीमत पर विक्रय करने की हिदायत दे रखी है, लेकिन सरकार की सुनने की जहमत कोई नहीं उठा रहा है। आलम यह है कि अधिकत्तर दुकानदार कोरोना रुपी महामारी को धन कमाने का सुनहरा अवसर समझ कर ब्लैक मार्केटिंग को बढ़ावा देने पर जुटे है। जिस कारण मास्क व सैनिटाइजर आम लोग से दूर होता जा रहा है। इसी मुद्दे पर शनिवार को अमर उजाला की टीम ने नगर के विशुनीपुर सिथत दवा मंडी में स्टिंग किया। कैमरे के सामने दुकानदार मास्क व सैनिटाइजर की मनमानी कीमत वसूलते मिले। अगर किसी दुकानदार को कोई शक हुआ तो सीधे तौर पर इंकार कर दिया।
मास्क व सैनिटाइजर की कीमतों की हकीकत टटोलने निकली टीम ने सबसे पहले स्टेशन चित्तू पांडेय रोड पर स्थित एक दवा की दुकान पर मास्क की कीमत के बारे में जानकारी ली तो दुकानदार द्वारा यह कहा गया कि सामान्य मास्क है और एक पचास रूपये में मिलेगा। टीम द्वारा यह कहे जाने पर उसे दो से ढाई सौ मास्क लेना है,इसके बावजूद दुकानदार कीमत को लेकर टस से मस नहीं हुआ। इसके बाद टीम ने दवा मंडी का रुख किया यहां तो कई सर्जिकल और दवा की थोक दुकानों पर मास्क व सैनिटाइजर मनमानी कीमत सुनकर होश फाख्ता हो गये। कहीं टू लेयर मास्क के लिए 25 से 50 रूपये, थ्री लेयर के लिए 50 से 100 रूपये, काला व रंगीन मास्क के लिए 80 से 120 रूपये और एन-95 मास्क के लिए तीन सौ से चार सौ रूपये वसूले जा रहे थे। इसमें भी दुकानदार उन्हीं ग्राहकों को मास्क की डिलीवरी करता दिखा जो परिचित व पुराने ग्राहक थें। नये व अपरिचित ग्राहकों द्वारा मास्क की जानकारी लेने पर उनके द्वारा यह कह दिया जाता था कि नहीं है। यही स्थिती सैनिटाइजर की दिखी। सैनिटाइजर की एक छोटी शीशी के एवज में दवादुकानदार अंकित मूल्य से इतर कम आपूर्ति का हवाला देकर मनमानी कीमत वसूल करते रहें। ऐसे में यक्ष यह है कि क्या दवा दुकानदार कोरोना को अपने लिए धन कमाने का अवसर मान रहें है और उनके लिए सरकार के लिए निर्देशों और मानवता को कोई मायने मतलब नहीं है।
-
मास्क व सैनिटाइजर की कालाबाजारी करने का प्रमाण मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ संगठन सरकारी स्तर पर प्रभावी कारवाई कराने की पहल करेगा। सरकार द्वारा प्रति मरस्क आठ से दस रूपये की मत निर्धारित की गयी है। इससे अधिक मूल्य पर यदि कोई दुकानदार ब्रिकी करता है तो ग्राहक संगठन के पदाधिकारियों से शिकायत करें। अवश्य कारवाई कराना सुनिश्चित कराया जायेगा।
आनंद सिंह
अध्यक्ष, बलिया केमिस्ट व ड्रगिस्ट ऐसोसिएशन--
मास्क व सैनिटाइजर की कालाबाजारी करने और मनमानी कीमत वसूलने वाले दवा के दुकानदारों के खिलाफ सख्त और शीघ्र कारवाई की जायेगी। विभाग जिले में मास्क व सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कारवाई की जायेगी। अगर कोई दुकानदार मास्क के एवज मोटी रकम वसूल रहा है तो उसे बख्सा नहीं जायेगा।
अरविंद कमार यादव
औषधि निरीक्षक